कौन बनेगा गुजरात का पटेल यह होगा तय, मोदी व खरगे के सियासी हमले भी रहे छाए

गुजरात दूसरे चरण के लिए मतदान कल

election

-द ओपिनियन-

गुजरात में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दूसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान सोमवार को होगा। यह चरण बहुत ही अहम है। इसलिए भाजपा व कांग्रेस ने पिछले तीन दिनों में चुनाव प्रचार में जमकर पसीना बहाया। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तरी और मध्य गुजरात में गुरुवार व शुक्रवार को चुनाव रैलियों को संबोधित किया और रोड शो किए । उनके अलावा भाजपा के प्रमुख चुनाव रणनीतिकार अमित शाह और अन्य नेताओं ने चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाला तो कांग्रेस की ओर से पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेता प्रचार में जुटे रहे। पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस नेताओं की हाल की कुछ टिप्पणियों कोलेकर भी खूब जुबानी जंग हुई। लेकिन खरगे ने मतदान से पूर्व एक अहम हमला आम आदमी पार्टी पर यह कहते हुए किया कि वह किसी के इशारे पर यहां कांग्रेस के वोट काट रही है। खरगे का यह हमला और इशारा साफ है कि उसे आम आदमी पार्टी नुकसान पहुंचा रही है। लगता यह भी है कि आम आदमी पार्टी के अलावा औवेसी की पार्टी भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकती है। इन पार्टियों की रणनीति भाजपा विरोधी मतों के विभाजन को रोकने की नहीं रही वे अपना कद बढाने में जुटी हैं और किसी भी पार्टी की यह महत्वाकांक्षा होती है कि वह अपने जनाधार का विस्तार करे। अब उनके इस रुख का गुजरात चुनावों पर क्या असर होगा यह तो 8 दिसम्बर को चुनाव नतीजों के बाद ही साफ हो सकेगा। राजनीतिक विश्लेषक यह मानते हैं कि चुनाव के दूसरे चरण में चाहे वह उत्तर गुजरात हो या मध्य गुजरात असली टक्कर भाजपा व कांग्रेस के बीच रहने की संभावना है। यहां भाजपा का मुख्य सहारा पीएम मोदी का चेहरा ही है और निर्णायक दौर में पीएम मोदी ने जमकर चुनाव प्रचार किया। उनके प्रचार के बीच ही कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का रावण संबंधी बयान आया और भाजपा नेताओं ने उसे लपक लिया। वो अब कांग्रेस पर जवाबी प्रहार कर रहे हैं। आप नेता भी चुनाव प्रचार में जुटे रहे लेकिन उनका पहले चरण में सौराष्ट में चुनाव प्रचार पर जितना ध्यान केन्द्रित था उतना यहा नजर नहीं आया।
दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर 2 करोड़ 51 लाख मतदाता 833 उम्मीदवारों के लिए वोट करेंगे। इन उम्मीदवारों में 69 महिलाएं हैं। भाजपा और ‘आप’ सभी 93 सीटों पर लड़ रही हैं। कांग्रेस ने 3 सीट सहयोगी पार्टी राकंपा को दी हैं।
पहले चरण में औसतन 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। दूसरे चरण में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पाटीदार नेता हार्दिक पटेल चुनाव मैदान में हैं। वहीं अल्पेश ठाकोर भी भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर मतदान होगा। पाटीदार गुजरात का प्रमुख समुदाय है और वह इस चरण में भी कई सीटों पर निर्णायक होंगे। पाटीदार करीब 40 सीटों पर खासा असर रखते हेैं। उसमें दूसरे चरण की भी कई सीटों शामिल हैं। जिसमें अहमदाबाद की सीटें अहम है। इसके अलावा आदिवासी वोटों की भी इस चरण में बडी अहमियत है। राजस्थान व मध्य प्रदेश से लगते जिलों में मतदान होगा। कांग्रेस के लिए गुजरात में राजस्थान के नेता चुनाव में बडी भूमिका निभा रहे हेैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास चुनाव की बडी जिम्मेदारी है। इसलिए वह शुरू से ही गुजरात के दौरे करते रहे हैं।

चुनाव प्रचार में भाजपा ने झोंकी ताकत

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शुक्रवार को भाजपा ने कई रोड शो और रैलियां कीं। इनमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पुरुषोत्तम रूपाला और अन्य शामिल रहे। पर भाजपा को सहारा पीएम मोदी के नाम का ही है।

कांग्रेस और आप ने भी झोंकी ताकत

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को आदिवासी जिले अरावली सहित की गई दो रैलियों में आई भीड़ से पार्टी उत्साहित है। खरगे ने मोदी पर कई निशाने साधे हैं। कांग्रेस की तरफ से जगदीश ठाकोर, शक्ति सिंह गोहिल जैसे नेताओं ने भी आज प्रचार किया ‘आप’ की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद संजय सिंह प्रचार अभियान में जुटे रहे।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments