
-कृष्ण बलदेव हाडा-

(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार)
कराहल(श्योपुर) से। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कूनाे राष्ट्रीय उद्यान में दक्षिण अफ्रीकी से लाये गये 12 चीते आज दोपहर पहुंच गये जिन्हे थाेडी देर बाद छोड़ा जायेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर केन्द्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद है। इन बारह चीतों के साथ ही कूनों में अब कुल चीतों का कुनबा बीस हो गया।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से इन चीतों को ग्वालियर लाया गया। वहां मेडिकल परीक्षण के बाद इन्हे वायुसेना के विशेष हैलीकाप्टरों से श्योपुर के कूनो राष्ट्रीय उद्यान लाया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 12 चीतों को बाड़े में छोड़ेंगे। साथ ही श्री चौहान पूर्व में बनाये गये चीता मित्रों से संवाद भी करेंगे।चीतों की देखभाल के लिये व्यापक इंतजाम किये गये हैं। कोरेंटाइन बोमा में 12 चीतों को रखने के लिये 10 कोरेंटाइन बोमा तैयार किये गये हैं। इनमें 8 नये और 2 पुराने कोरेंटाइन बोमा को परिवर्तित किया गया है। इसके अलावा दो आइसोलेशन वार्ड तैयार किये गये हैं। सभी कोरेंटाइन बोमा में छाया के लिये शेड बनाये गये हैं। चीतों के लिये पानी की व्यवस्था की गई है। हेलीकाप्टर से 12 चीतों को उतारने के बाद उन्हें कोरेंटाइन बोमा में लाकर छोडा जायेगा। हेलीपेड से कोरेंटाइन बोमा की दूरी लगभग एक किलोमीटर है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश अब चीता स्टेट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से चीते देश में पुनर्स्थापित हो रहे हैं। चीतों की रक्षा के लिए चीता मित्र बनाएं जा रहे हैं। चीतों की सुरक्षा के लिए आज वे चीता प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक करेंगे।

















