भाजपा ने सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव में तीन में बाजी मारी

-गोपालगंज, गोला गोकरनाथ और आदमपुर की सीट जीती

bjp
गोला गोकरननाथ सीट के उपचुनाव में जीत के बाद जश्न मनाते भाजपा कार्यकर्ता। फोटो यूपी भाजपा सोशल मीडिया

नई दिल्ली। देश के छह राज्यों में सात विधानसभा सीटों के उपचुनावों में से भाजपा ने तीन – बिहार के गोपालगंज, उत्तर प्रदेश के गोला गोकरनाथ और हरियाणा के आदमपुर में जीत हासिल की है। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर तीन नवंबर को मतदान हुआ था।

आदमपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई 16,606 मतों के महत्वपूर्ण अंतर से विजयी हुए हैं। गोला गोकरनाथ में भाजपा उम्मीदवार अमन गिरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को 34,000 से अधिक मतों से हराया। भगवा पार्टी ने बिहार में गोपालगंज निर्वाचन क्षेत्र पर भी कब्जा बरकरार रखा। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार की मोकामा विधानसभा सीट को बरकरार रखा। धामनगर सीट से भाजपा के सूर्यवंशी सूरज आगे चल रहे हैं। मुंबई की अंधेरी (पूर्वी) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार रुतुजा लटके ने जीत हासिल की। टीआरएस के कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी वर्तमान में तेलंगाना के मुनुगोड़े से आगे चल रहे हैं।

अधिकांश सीटों पर भाजपा और क्षेत्रीय दलों जैसे तेलंगाना राष्ट्र समिति, राष्ट्रीय जनता दल , समाजवादी पार्टी और बीजू जनता दल के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुए थे, उनमें बीजेपी के पास तीन और कांग्रेस के पास दो सीटें थीं, जबकि शिवसेना और राजद के पास एक-एक सीट थी।

विधायक कुलदीप बिश्नोई द्वारा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने पर अगस्त में विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद आदमपुर में उपचुनाव कराना पड़ा था। शिवसेना विधायक रमेश लटके के असामयिक निधन के कारण अंधेरी पूर्व में चुनाव हुआ। बिहार में मोकामा सीट मौजूदा विधायक अनंत सिंह को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण बर्खास्त किए जाने के बाद खाली हुई थी। भाजपा विधायक सुभाष सिंह के निधन के कारण बिहार के गोपालगंज में भी चुनाव कराना पड़ा। मौजूदा विधायक कोमातीरेड्डी राज गोपाल रेड्डी के 2 अगस्त को इस्तीफा देने के बाद मुनुगोड़े में उपचुनाव हुआ। लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकरनाथ विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक अरविंद गिरी के निधन के बाद उपचुनाव कराया गया था, जबकि धामनगर सीट भाजपा विधायक विष्णु चरण दास के असामयिक निधन के कारण खाली हुई थी।

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments