
-दुष्यंत सिंह गहलोत-
शहर के कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में टिपटा स्थित गढ़ पैलेस म्यूजियम में चोरी करने के आरोपियों का पुलिस को सुराग लगा है। घटना के 10 दिन बाद 2 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े है। पुलिस इनसे चोरी के माल बरामदगी के बारें में पूछताछ में जुटी है। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी प्रभात पांचाल (27) व अचिन जाटव (24) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी यूपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया है। जिनसे चोरी के माल बरामदगी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
400 से ज्यादा फुटेज खंगाले
सिटी एसपी ने बताया कि वारदात के बाद CCTV फुटेज खंगाले। 3 दिन बाद सुराग मिला जिसमे 3 सन्दिग्ध द्वारा गढ़ पैलेस म्यूजियम की रैकी करने की जानकारी मिली। जिसके बाद 40 से ज्यादा पुंलिस जवानों की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी। कोटा से दिल्ली तक 400 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। आरोपियों को ट्रेस किया। बदमाशों की लोकेशन यूपी के गाजियाबाद बाद रही थी। पुलिस की एक टीम ने गाजियाबाद में डेरा जमाए रखा। और बदमाशों को पकड़ा। एसपी ने बताया कि अंतर्राज्य गैंग में कुछ और बदमाश भी शामिल हो सकते है। इस बारें में अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस गिरफ्त में अपराधी ये
पुलिस ने प्रभात पांचाल निवासी राम एनक्लेव बंथला थाना लोनी हाल निवासी अशोक नगर थाना ज्योति नगर व अचिन जाटव निवासी सरस्वती विहार,गली नंबर 3, थाना लोनी जिला गाजियाबाद यूपी को गिरफ्तार किया है। प्रभात के खिलाफ गाजियाबाद में 2 मामले दर्ज हैं।
ये था मामला
26 फरवरी की रात को बदमाशों ने गढ़ पैलेस स्थित राव माधो सिंह म्यूजियम में सेंध लगाई थी। म्यूजियम से बेशकीमती सामान व एंटीक आइटम पार कर ले गए थे। सुबह म्यूजियम स्टाफ को इसकी जानकारी लगी तो हड़कंप मच गया।। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वायड व FSL टीम को मौके पर बुलाया गया। करीब 2 घंटे तक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर चांदी के सामान चोरी हुए है। बदमाशों ने तीन शो केस को निशाना बनाया। जिनमें एक को नही तोड़ पाए थे। चोरी हुए सामानों में चांदी हाथी जिनपर सोने की परत चढ़ी हुई थी। इसके अलावा 20 से ज्यादा एंटीक आइटम लेकर फरार हो गए थे।