
-सावन कुमार टॉक-
रामगंजमंडी। अनंत चतुर्दशी के जुलूस के दौरान शुक्रवार को भाजपा नेता वीरेन्द्र जैन ने इस धार्मिक उत्सव के जनक स्वर्गीय मथुरालाल के परिजनों का स्वागत किया। इस सम्मान के साथ मथुरादास को याद किया तो उनके परिजनों की आंखे छलक आई। वीरेंद्र जैन ने बताया कि रामगंजमंडी को गणेश उत्सव का यह धार्मिक आयोजन स्वर्गीय मथुरा लाल परिवार की देन है।
मथुरा लाल परिवार ने 57 वर्ष पूर्व बहुत ही सीमित संसाधनों के साथ इस उत्सव को शुरू किया था। आज शहर में 1 दर्जन से अधिक स्थानों पर गणपति की स्थापना होती है, झांकियां बनती हैं और लोग अनंत चतुर्दशी उत्सव का आनंद उठाते हैं। मथुरा लाल परिवार की बदौलत इतने उच्च स्तर पर हमारे शहर में रिद्धि-सिद्धि के देवता प्रथम आराध्य गणपति जी की भक्ति आराधना हो रही है और उनकी कृपा रामगंजमंडी पर बरस रही है।
रामगंज मंडी लाइव मंच की ओर से मथुरा लाल जी के सबसे बड़े पुत्र विष्णु कांत का सरोपा भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकेश पटेल, जल सेवा दल के अध्यक्ष मुकेश श्रृंगी भी उपस्थित थे। जुलूस शुरू होने से पूर्व अखाड़े के उस्तादों का रामगंजमंडी लाइव मंच के संस्थापक वीरेन्द्र जैन ने सरोपा श्रीफल भेंटकर स्वागत किया।
खातौली में दुर्गा वाहिनी ने दिखाए करतब

खातौली मे अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया। एक दर्जन प्रतिमाओं के साथ शुरू हुए जुलूस का एक छोर करवाड तिराहे पर था तो दूसरा अस्पताल के पास। प्रतिमाओं के साथ डी जे पर महिला-पुरुष और युवक-युवतियां नाचते गाते हुए चल रहे थे। अखाड़े में पट्टेबाज और दुर्गा वाहिनी की सदस्य करतब दिखाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में घुड़सवार हाथों में ध्वज पताकाएं लेकर अगुवाई कर रहे थे। यहां देर शाम 7 बजे पार्वती नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ जो पुलिस की देखरेख में करवाया गया। शोभायात्रा में पुलिस जाब्ता साथ चल रहा था।