adalat choraha
रात के समय रोशनी में आभा बिखेरता अदालत चौराहा।

-सावन कुमार टॉक-

कोटा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और नगर विकास न्यास ने कोटा शहर में सौंदर्यीकरण व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। अंडरपास, फ्लाई ओवर के निर्माण पूरे होने को है तो चौराहों का सौंदर्यीकरण भी प्रगति की ओर है। चौराहों के सौंदर्यीकरण पर करीब 50 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है।
शहर में नए बनाए गए चौराहों जैसे स्ट्रक्चर देश में शायद ही कहीं और होंगे। एरोड्रम सर्किल पर तो टावर ऑफ लिबर्टी का निर्माण अन्तिमचरण में है, यहां एक टावर की ऊंचाई करीब 48 मीटर है। चौराहों पर विदेशी पत्थर लगाए गए हैं।

सावन कुमार टॉक

– चौराहे के स्थापत्य मे युद्ध का विवरण

यूआईटी के अभियन्ताओं ने बताया कि घोड़े वाले चौराहे की ऊंचाई 23 मीटर है। राजस्थान की युद्ध शैली को दर्शाया गया है। इसमें बांसवाड़ा मार्बल से तैयार घुड़सवार और शेर लगाए हैं। इसे हेरिटेज चौराहा बनाया जा रहा है। इसमें हेरिटेज जालियां भी लगाई जा रहीं हैं। इसके निर्माण पर करीब 13 करोड़ का खर्चा होगा।

– एलिवेटेड की गोलाई में राणा प्रताप की प्रतिमा

कुन्हाड़ी के महाराणा प्रताप सर्किल पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। यह एलिवेटेड रोड पूरी घूमती हुई नीचे ही खत्म हो रही है। ऐसे में इसके बीच में बनने वाले गोल चक्कर में अब महाराणा प्रताप की प्रतिमा को स्थापित किया जाएगा। यहां प्रतिमा तो पुरानी ही होगी। लेकिन उसके पैडल स्टैंड को उठाकर 14 मीटर ऊंचाई का बनाया जाएगा। इस पर पौने दो करोड़ के करीब का बजट है। एलिवेटेड रोड महाराणा प्रताप की परिक्रमा करता नजर आएगा।

– हाथी वाला चौराहा

नगर विकास न्यास 7 करोड़ रुपए अदालत चौराहे पर भी खर्च कर रहा है। कलेक्ट्री सर्किल को पूरी तरह से बदल दिया गया है। यहां पर स्वतंत्रता संग्राम के समय का स्टुवर प्रदर्शित किया हुआ है। इसको कई मीटर ऊंचा उठाकर प्रदर्शित किया गया है।  इस पूरे चौराहे पर चार बड़े-बड़े हाथी लगाए गए हैं। हाथियों की विशाल प्रतिमा वियतनाम के पत्थर से बनाई गई है। इस चौराहे के आसपास अदालत और कलेक्ट्रेट की दुकानें और दीवारों का भी सौंदर्यकरण हुआ है।

— विवेकानन्द सर्किल दिखेगा दूर से

विद्युत रोशनी से जगमगा रहा नयापुरा का विवेकानंद सर्किल।

विवेकानंद सर्किल जयपुर और बारां से आने वालों के लिए देखने लायक होगा। चौराहे पर सभी भवनों को एकरूपता दी गई है। राजस्थान हेरिटेज की थीम पर इन्हें तैयार किया गया है। विद्युतीकरण, सौदर्यकरण और अन्य पर 25 करोड़ का खर्चा किया है। इस चौराहे पर 17 मीटर ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

– ग्लोब वाला चौराहा

अंटाघर अंडरपास आर्मी एरिया के नजदीक होने से एक बड़ा टैंक स्ट्रक्चर पर रखा गया है। साथ ही अंडर पास से जेल की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक छोटा चौराहा बनाया है। पत्थर से 20 फीट का ग्लोब बनाया गया है। ग्लोब पर सैनिक और उसे एक फूल देती हुई लड़की का स्टेच्यू है।

राजकीय महाविद्यालय की इमारत जो सौंदर्यीकरण के बाद निखरे हुए स्वरूप मे नजर आने लगी है।

— जेडीबी के सामने गांधी, नेहरू व पटेल की प्रतिमाएं

जेडीबी गर्ल्स कॉलेज के सामने रोड के बगल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व गृहमंत्री सरदार बलभ भाई पटेल और पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू की 12 फीट ऊंचाई की प्रतिमा लगाई जाएगी। यहां पर पहले घोड़े लगे हुए थे जिनको हटाकर किशोर सागर तालाब में लगाया जा रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान चर्चा करते हुए महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा लगाई जा रही है।

– विशेषज्ञों की राय से हुआ निर्माण

नयापुरा मे भवनों पर राजस्थानी शैली में करवाया गया काम।

अभियन्ताओं का कहना है कि कोटा के चौराहे पहले जिस साइज में थे अब भी उन्हें उतना ही रखा गया है। लेकिन जो मॉन्यूमेंट या स्टेच्यू लगे हुए थे वह नजर नहीं आ रहे थे, ऐसे विशेषज्ञों की राय पर विदेशों की तर्ज पर इन चौराहों को ऊंचा उठाया है और यहां पर लगे महापुरुषों की प्रतिमाओं को भी ऊंचा किया है ताकि दूर से ही यह नजर आ सके। जो नए चौराहे बने हैं वो अण्डरपास के पास ही यातायात को डायवर्ट करने के लिए बनाए गए हैं।

कोटा के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा

” चौराहों के निर्माण में अभियन्ताओं की मेहनत भी है उन्होंने रात दिन एक कर काम को पूरा करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चौराहों को नया लुक दिया गया है। कोटा के पर्यटन को इस नए निर्माण से बढ़ावा मिलेगा।

—– राजेश जोशी, सचिव नगर विकास न्यास

(लेखक सावन कुमार टॉक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में रिपोर्टर रहे हैं)

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments