
-बृजेश विजयवर्गीय-
कोटा। नशा के विरुद्ध जंग के प्रणेता डॉ आर सी साहनी के 80 वें जन्मदिवस पर आजमगढ़ गुरुद्वारे में अरदास का आयोजन किया गया और डॉ आर सी साहनी की दीर्घायु व नशा मुक्ति के मिशन हेतु हिम्मत, हौसला, एवं अच्छी सेहत की कामना की। इस अवसर पर ज्ञानी गुरनाम सिंह जी द्वारा डॉ साहनी को पीड़ित मानवता की 35 वर्षों से सेवा की सराहना करते हुए सरोपा भेंट किया गया। मुख्य ट्रस्टी बाबा लक्खा सिंह जी के सानिध्य में युवाओं पर होते प्रचंड नशे के प्रहार की समस्या एवं रोकथाम के प्रयासों पर गहन चिंतन व मंथन हुआ। इस विशिष्ट चर्चा में डॉ साहनी के अतिरिक्त ज्ञानी गुरनाम सिंह जी, ग्रंथि भगवान सिंह, जयपुर के एडवोकेट सुभाष चंद्र, उद्योगपति आर सी रल्हन, श्रीमती रल्हन, प्रोफेसर स्नेह लता साहनी, निपुण एवं नितिन, दीपशिखा महाजन, कैप्टन भाटिया एवं पुखराज भाटिया आदि प्रमुख थे और अभियान को गति प्रदान करना वक्त का तकाजा बताया। अंत में लंगर चखने के बाद विसर्जन हुआ।
सर्व धर्म सभा एवं गोल्डन सिटीजन समारोह का आयोजन
जन्मोत्सव की पूर्व संध्या के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शक्ति सरोवर सभागार में ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा सर्व धर्म सभा एवं गोल्डन सिटीजन समारोह का आयोजन रखा गया। जिसमें विभिन्न धर्मों के धर्म आचार्यों के सानिध्य में संभाग की स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठन, वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए। केंद्र प्रभारी ब्रह्मकुमारी बहन उर्मिला ने इस विशिष्ट आयोजन का मकसद बताते हुए गोल्डन सिटीजंस नशा मुक्ति अभियान और राजयोग एवं धर्म आचार्यों के मार्गदर्शन के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
जे डी बी कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य श्रीमती स्नेह लता साहनी ने धर्म आचार्यों एवं समस्त आगंतुकों का कार्यक्रम में पधार कर सहयोग देने के लिए आभार प्रकट किया। महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती ने अपने विचार रखते हुए जन जागृति एवं नशे से बचाव पर जोर दिया। आर्य समाज के प्रखंड विद्वान बीरधी चंद जी शास्त्री ने वेद मंत्रों के हवालों से नशा मुक्ति का संदेश दिया। कबीर पंथ के संत प्रभाकर जी ने अपनी अभिव्यक्ति में डॉ साहनी की सराहना करते हुए नशा व कैंसर विरुद्ध जंग में युवाओं में आंदोलन की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर सी एन आई चर्च के फादर अमित श्रेष्ठ ने उदाहरणों के साथ नशे को बर्बादी का कारण बताया। सिख धर्म के धर्म आचार्य ज्ञानी गुरनाम सिंह जी ने डॉ साहनी के 80 वें जन्म दिवस पर बधाई देते हुए आयु की परवाह ना करते हुए इस सामाजिक जंग में जुट जाने का आह्वान किया और गोल्डन सिटीजन की शक्ति को कीमती धरोहर का नाम दिया, और इस विषम समस्या से लड़कर जड़ से मिटा देने का अनुरोध किया।

ध्यान करने का अभ्यास करवाया
इंदौर से पधारी ब्रह्माकुमारी बहन पूनम ने आशीर्वाद देते हुए आत्मा से जुड़ने पर दिव्य शक्ति के महत्व को बताते हुए समस्त सहभागीयो को ध्यान करने का अभ्यास भी करवाया। कोटा शहर की प्रथम महिला महापौर श्रीमती सुमन श्रृंगी, स्प्रिंगडेल ग्रुप ऑफ स्कूल्स की संस्थापक चेयरमैन श्रीमती उर्मिल बक्शी व प्रखंड वक्ता श्री अग्निहोत्री आदि ने भी अपने विचार रखे। श्री निपुण साहनी व दीपशिखा महाजन ने अपने पिता डॉ साहनी को सम्मान देने के लिए कृतज्ञता व्यक्त की। अंत में डॉ साहनी ने धर्म आचार्यों एवं उपस्थित प्रबुद्ध जनों के सहयोग व लगातार मार्गदर्शन देने के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि 80 वर्ष उपरांत जब तक प्रभु सांसों का दान देगा अपने एक सूत्रीय कार्यक्रम को निरंतर आगे बढ़ाते जाएंगे।