
-दुष्यन्त सिंह गहलोत-
कोटा। शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में आज एक हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सवार करीब 40 फीट ऊंचाई से फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को एमबीएस हॉस्पिटल लाए। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। फिलहाल शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है।
बाइक सवार युवक ज्वाला तोप की तरफ से घोड़े वाले बाबा सर्किल की तरफ जा रहा था। फ्लाईओवर पर कट के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। बाइक सवार युवक उछल कर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया और इंद्रा गांधी सर्किल पर गिर गया। सर्किल पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद थे। युवक के सिर पर गम्भीर चोट लगने से खून बहने लगा। ट्रैफिक पुलिस कर्मी उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। युवक एमपी नम्बर की गाड़ी पर सवार था। अभी हादसे के कारण सामने नहीं आए।
गुमानपुरा थाना सीआई मुकेश मीणा ने बताया कि बाइक सवार युवक गुमानपुरा फ्लाईओवर से नीचे गिरा। उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हुई। परिजनों की तलाश की जा रही है।
अधेड़ ने घर में ही सुसाइड किया
शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक अधेड़ ने घर में ही सुसाइड कर लिया। उसने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। दो दिन बाद परिजनों को पता लगा। जिसके बाद उसे हॉस्पिटल लाया गया। मोर्चरी में रखवाए गए शव आज पोस्टमार्टम करवाया गया और परिजनों को सौंपा गया। बताया जा रहा है कि अधेड़ शराब का आदि था। कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर बच्चों को लेकर अपने पीहर चली गई थी। फिलहाल सुसाइड के कारण सामने नही आए हैं। पति पत्नी के बची झगड़ा व मानसिक तनाव कारण बताया जा रहा है।
मृतक जगदीश (45) शास्त्री कॉलोनी में रहता था। पुताई व मजदूरी का काम करता था। उसके 3 बेटी व 1 बेटा है। होली के बाद उसकी पत्नी बच्चों को लेकर पीहर चली गई थी। जगदीश को आखिर बार 10 मार्च की दोपहर को देखा गया था। 12 मार्च की शाम को उसकी मां घर के बाहर कुंडी लगी देखी तो उसे शक हुआ। उसने ऊपर जाकर जंगले से झांक कर देखा तो अंदर कमरे में जगदीश फांसी पर लटका हुआ था। उसने चिल्लाकर अपने दूसरे बेटे व पड़ोसियों को बुलाया और पुंलिस को सूचना दी। पुंलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और एमबीएस की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया।
रेलवे कॉलोनी थाना एएसआई ईश्वर ने बताया कि जगदीश ने 10 मार्च की रात को फांसी लगाई। उसकी पत्नी होली पर पीहर गई थी। जगदीश नशे का आदि था। सुसाइड के कारण सामने नहीं आए है। परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।