
-रामबाबू मालव-
(प्रचार प्रमुख,कोटा महानगर)
कोटा। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के सह प्रांत संयोजक योगेश रेनवाल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने तीन वर्ष में एक बार चलने वाले हितचिंतक अभियान में संगठन विस्तार हेतु इस बार देशभर में एक करोड़ से अधिक हिंदुओं को हितचिंतक (सदस्य) बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए पूरे देश में एक साथ 6 से 20 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा। हिंदू परिषद कार्यालय मानव विकास भवन में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में योगेश रेनवाल ने कहा कि इसी के निमित्त कोटा महानगर की 12 प्रखंडों में प्रत्येक बस्ती के हिंदू परिवारों से विशेष संपर्क कर एक लाख हिंदुओं को हित चिंतक बनाया जाएगा।
15 वर्ष से ऊपर का कोई भी व्यक्ति हितचिंतक बन सकता है। जिन्हें हिंतचिंतक बनाया जाता है उन्हें 20 रुपये का कूपन दिया जाता है। इस अभियान के अंतर्गत हर जाति, पंथ व संप्रदाय के लोगों से संपर्क किया जाएगा। उन लोगों को हिंदू समाज और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाएगा।
विहिप ने इस अभियान में समाज के विशेष वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए विशेष संपर्क अभियान भी चलाने की तैयारी की है। इसमें विहिप के वरिष्ठ केन्द्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसके अंतर्गत चिकित्सकों, अभियंताओं, सीए, वकीलों, सेवानिवृत्त जजों, गायकों, अभिनेताओं, खिलाड़ियों और अनुसूचित जाति व जनजाति समाज के प्रमुख लोगों को हितचिंतक बनाया जाएगा। मतांतरण और लव जिहाद के दुष्परिणामों से अवगत करवाया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि हम कैसे इसे रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं। घर वापसी के लिए किस तरह कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विहिप के विभिन्न आयामों के कार्यों का जन सेवार्थ विस्तार करना है। सेवा कार्यों से वंचित समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गोवंशों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तीकरण, सामाजिक समरसता एवं हिंदू समाज को संगठित करते हुए उसकी सुरक्षा के संकल्प का भाव जगाना है।
विश्व हिंदू परिषद विभाग मंत्री मुकेश जोशी, महानगर उपाध्यक्ष रणछोड़ अग्रवाल, महानगर मंत्री मोहन मालव, विधि प्रकोष्ठ संयोजक हरीश शर्मा, सहसंयोजक हेमंत शर्मा, बजरंग दल सुरक्षा प्रमुख अनिल झाझोट सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।