-दुष्यन्त सिंह गहलोत-
कोटा। रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल को लेकर कोटा सेवारत चिकित्सक संघ ने चेतावनी पत्र कोटा कलेक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को दिया। ज्ञापन देकर रेजिडेंट डॉक्टर की चल रही हड़ताल में अभी तक मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होने पर कोटा सेवारत चिकित्सक संघ ने एक चेतावनी पत्र अतिरिक्त जिला कलेक्टर को दिया। उसमें प्रदेश महासचिव डॉ दुर्गाशंकर सैनी एवं कोटा सेवारत चिकित्सक संघ अध्यक्ष डॉ अमित गोयल ने बताया कि अगर 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कोटा सेवारत चिकित्सक भी रेजिडेंट डॉक्टर्स के साथ कार्य बहिष्कार पर जाएंगे। कोटा सेवारत चिकित्सक संघ के महासचिव डॉ राजेश सामर ने कहा कि चिकित्सा परिचार्य अधिनियम 2008 के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी होना चाहिए। प्रशासन को चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर कठोर कदम उठाने होंगे। ज्ञापन देने के दौरान कोटा सेवारत चिकित्सक संघ के सदस्य डॉ अभिनव शर्मा, डॉक्टर चंदन शर्मा, डॉ मुकेश मालव , डॉ विजय सिंह डॉ असीम खान , डॉ नरेंद्र नागर सहित अन्य चिकित्सक साथ थे।

















