
-सीताराम गोयल-

(जिला संयोजक, विवेकानंद संदेश यात्रा, कोटा जिला)
कोटा। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से विवेकानंद केन्द्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत की ओर से विवेकानंद संदेश यात्रा राजस्थान का आयोजन किया जा रहा है। यह संदेश यात्रा 19 नवंबर से शुरू हुई और सात जनवरी तक 2023 तक पचास दिवस तक जारी रहेगी। इस दौरान राज्य के सभी 7 संभाग और 33 जिलों के 75 स्थानों तक स्वामी विवेकानंद के संदेशों को जन-जन तक पहंुचाने का कार्य किया जाएगा।
कोटा शहर में विवेकानंद संदेश यात्रा 28 नवंबर से 30 नवंबर रहेगी। संदेश यात्रा के तहत कोटा में होने वाले कार्यक्रमों का विवरण इस प्रकार है
विवेक शोभायात्राः शोभायात्रा का आयोजन 28 नवंबर को दोपहर तीन बजे से सायं सात बजे तक होगा। इसका मार्ग तलवंडी चौराहे से केशोपुरा, तीन बत्ती चौराहा, दादाबाडी छोटा चौराहा, दादाबाडी बडा चौराहा तक रहेगा। दादाबाडी बडा चौराहा पर समापन होगा और इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेता प्रतियोगी को पुरस्कृत किया जाएगा।
रन फॉर विवेकानंदः 29 नवंबर को प्रातः सात बजे से नौ बजे तक रन फॉर विवेकानंद का आयोजन किया जाएगा। यह छत्रविलास उद्यान से प्रारंभ होकर उम्मेद क्लब, किशोरसागर तालाब होते हुए छत्रविलास उद्यान पर वापस पहंुचेगी और वहीं इसका समापन होगा। इसमें भागीदारी का शुल्क 20 रुपए है। प्रत्येक प्रतिभागी को विवेकानंद केन्द्र द्वारा टी शर्ट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
अमृत परिवारः 29 नवंबर को श्रीरामशांताय सभागार स्वामी विवेकानंद विद्यालय महावीर नगर तृतीय कोटा में सायं छह बजे से सायं 730 तक अमृत परिवार का आयोजन किया जाएगा।