
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर पहुंचे और चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सैनिकों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास झूठे वादे और झूठी गारंटी का रहा है। कांग्रेस के राज में हमारे फौजियों के पास पर्याप्त बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं थी। फौजियों के पास बर्फ में पहनने के लिए अच्छे जूते नहीं थे। बॉर्डर पर सड़कें नहीं बनाई जाती थीं। कांग्रेस ने ही फौजियों को वन रैंक वन पेंशन के नाम पर 40 साल तक धोखा दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि जितना मैं हिमाचल के लोगों को जानता हूं, यह कह सकता हूं कि इस बार राज्य की जनता खुद ही ये चुनाव लड़ रही है। वे खुद ही इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं। यहां की जनता ने दोबारा जयराम जी की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जो विश्वासघात और जो छल किया है, उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के लोग ही हैं। जबकि भाजपा ने हिमाचल के घर-घर को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग कांग्रेस को भली-भांति समझ और जान चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा 5 साल इसके और पांच साल उसके ही फॉर्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है। वह लोगों को मुसीबत में जीने के लिए छोड़ देती है। लेकिन, भाजपा हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। इसलिए इस बार हिमाचल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। अभी दो-तीन दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उप-चुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को कमजोर माना जाता था, वहां भी लोगों ने कमल का फूल बढ़-चढ़कर खिला दिया है। वहीं, कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी, सरकार में होती थी या कभी मुख्य विपक्षी दल होती थी. वहां कांग्रेस की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद 2014 तक देश में पुलिस सेवा में लगभग 1 लाख बेटियां थीं। बीते आठ साल में ये संख्या लगभग सवा 2 लाख हो चुकी है। इसी प्रकार केंद्रीय बलों में भी बेटियों की भागीदारी 17 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हो चुकी है और ये लगातार बढ़ रही है। अब बेटियों के लिए भी तीनों सेनाओं के द्वार खोल दिए गए हैं। हम सैन्य स्कूलों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और इसमें बेटियों को भी दाखिला मिल रहा है। हमारी सरकार, पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी बेटियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास में महिलाओं को हिस्सेदारी देने वाली बीजेपी है। रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने, घर-घर शौचालय बनाने और बिजली और जल देने वाली बीजेपी है।