
पीएम मोदी ने किया 21 अनाम द्वीपों का परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर नामकरण
-द ओपिनियन-
देश ने आज अपने पराक्रमी पु़त्र और स्वतंत्रता संग्राम के अप्रतिम नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस का पुण्य स्मरण किया। देशवासियों ने नेताजी को उनकी 126वीं जयंती पर नमन किया और देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान का कृतज्ञ भाव से याद किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की पहल पर अंडमान और निकोबार के 21 बड़े द्वीपों का नामकरण देश के परमवीर पुत्रों- यानी परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर किया गया। सचमुच इस पराक्रम दिवस पर देश के परमवीर पुत्रों का यह सच्चा सार्थक अभिनंदन है। भाव यही है कि उनकी सेवाओं और शौर्य की कहानी सदा अमिट रहे। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में भाग लिया और परमवीरों के नाम पर 21 अनाम द्वीपों का नामकरण किया। गृह मंत्री अमित शाह इस अवसर समारोह में भाग लेने के लिए पोर्ट ब्लेयर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए ये द्वीप एक चिरंतर प्रेरणा का स्थल बनेंगे। प्रधानमंत्री का यह कहना सार्थक बात है। वीरों की कहानियां सदा अमर रहती हैं।
इन परमवीरों के नाम पर हुआ द्वीपों का नामकरण
पीएमओ के अनुसार मेजर सोमनाथ शर्मा (भारत-पाक युद्ध 1947),नायक जदुनाथ सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947), मेजर राम राघोबा राणे (भारत-पाक युद्ध 1947),ऑनरेरी कैप्टन करम सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947), सूबेदार जोगिंदर सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962),लेफ्टिनेंट कर्नल धन सिंह थापा (भारत-चीन युद्ध 1962), कैप्टन गुरबचन सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962), कम्पनी हवलदार मेजर पीरू सिंह (भारत-पाक युद्ध 1947) लांस नायक अलबर्ट एक्का (भारत-पाक युद्ध 1971), लेफ्टिनेंट कर्नल अर्देशिर तारापोर (भारत-चीन युद्ध 1962),- हवलदार अब्दुल हमीद (भारत-पाक युद्ध 1965),मेजर शैतान सिंह (भारत-चीन युद्ध 1962), मेजर रामास्वामी परमेश्वरन (श्रीलंका में भारतीय शांति सेना के शहीद 1987), फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों (भारत-पाक युद्ध 1971), सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल (भारत-पाक युद्ध 1971), मेजर होशियार सिंह (भारत-पाक युद्ध 1971),,कैप्टन मनोज पांडेय (कारगिल युद्ध 1999), कैप्टन विक्रम बत्रा (कारगिल युद्ध 1999),नायक सूबेदार बाना सिंह (सियाचिन में पाकिस्तान से पोस्ट छीनी 1987), कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव (कारगिल युद्ध 1999), सूबेदार मेजर संजय कुमार (कारगिल युद्ध 1999) के नाम पर द्वीपों का नामकरण किया गया है।
दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा, आज का दिन भारतीय सेना के तीनों अंगों के लिए महत्वपूर्ण दिन है. आज प्रधानमंत्री की ये पहल कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के 21 सबसे बड़े द्वीपों को हमारे 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम के साथ जोड़कर उनकी स्मृति को चीरंजीव करने का प्रयास किया गया है।