
सूरत। गुजरात के पांडेसरा इलाके में बुधवार की रात पिता के धक्का देने से एक बेटा सीढ़ियों से नीचे गिर गया। उसे बेहोशावस्था में सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पिता ने टीवी रिचार्ज कराने के लिए पैसे मांगे थे। बेटे के नहीं देने पर उसने गुस्से में धक्का दे दिया।
पुलिस के अनुसार पांडेसरा के नागसेन नगर निवासी रयश रमेशभाई बाविशकर (उम्र 18) मजदूरी का काम करता था। वह बुधवार की रात घर पर बैठा था। तभी उसके पिता ने उससे टीवी रिचार्ज करने के लिए पैसे मांगे। लेकिन रयश भाई ने कहा कि अभी पैसे नहीं हैं। जब पैसे मिलेंगे तो टीवी रिचार्ज करा देगा। जिससे रमेशभाई भड़क गए और रयश से मारपीट करने लगे। दोनों के बीच मारपीट के दौरान रमेशभाई ने रयेश को धक्का दिया जिससे वह सीढ़ियों से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। अचेत अवस्था में उसे सिविल अस्पताल ले गए डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रयेश के असमय निधन से परिवार के सदस्यों में गहरा दुख है। मृतक की एक बहन है।
पांडेसरा पुलिस ने कहा, प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि रयश को दौरे पड़ रहे हैं। शरीर पर और कोई चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। पीएम की रिपोर्ट के बाद रयश की मौत की वजह साफ हो पाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।