नायब सिंह सैनी और उनके मंत्रियों ने ली शपथ

haryana 000

पंचकुला। भारतीय जनता पार्टी के नायब सिंह सैनी ने गुरुवार (17 अक्टूबर, 2024) को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली। हाल ही में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सफलतापूर्वक सत्ता बरकरार रखी है। नए मंत्रिमंडल में दो महिलाओं सहित तेरह विधायकों को शामिल किया गया है। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाणा के पंचकूला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीटें जीतकर राज्य में अभूतपूर्व तीसरी बार जीत हासिल की थी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के अन्य शीर्ष नेता मौजूद थे।

नायब सिंह सैनी के बाद अनिल विज ने मंत्री पद की शपथ ली। अनिल विज हरियाणा में बीजेपी के सबसे सीनियर विधायक हैं। उन्होंने अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र से लगातार सातवीं बार जीत हासिल की। विज मनोहर लाल खट्टर के सरकार में हरियाणा के गृह मंत्री थे। विज पंजाबी समुदाय से आते हैं।
कृष्ण लाल पंवार ने मंत्री पद की शपथ ली। वह दूसरी बार मंत्री बने हैं। पंवार दलित समुदाय से आते हैं। कृष्ण लाल पंवार पानीपत के इसराना सीट से विधायक हैं। वह कुल सात बार विधानसभा चुनाव लड़े जिनमें से पांच बार जीत दर्ज की। पंवार ने अभी हाल में ही राज्यसभा सांसद से इस्तीफा दिया था।
विपुल गोयल फरीदाबाद सीट से जीते हैं। वह वैश्य समुदाय से आते हैं। गोयल दूसरी बार मंत्री बने हैं। वह 2014 में भी विधायक बने थे। जब साल 2016 में जब मनोहर लाल कैबिनेट का विस्तार हुआ तो विपुल गोयल को पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री बनाया गया था।
गुरुग्राम के बादशाहपुर से विधायक राव नरवीर को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। नरवीर तीसरी बार विधायक बने हैं। 2019 में उनका टिकट काट दिया गया था। हालांकि 2024 में उन्हें टिकट मिला और कांग्रेस उम्मीदवार वर्धन यादव को हराया। नरवीर यादव समुदाय से आते हैं।
महिपाल ढांडा ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। ढांडा जाट समुदाय से आते हैं। महिपाल लगातार दूसरी बार सैनी कैबिनेट में शामिल हुए हैं। वह पानीपत ग्रामीण सीट से विधायक हैं। वह 2019 में भी यहां से विधायक चुने गए थे।
श्रुति चौधरी को भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। वह तोशाम सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। वह जाट समुदाय से आती हैं। श्रुति राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं।
अरविंद शर्मा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में रोहतक से चुनाव हार गए थे। विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी ने गोहाना सीट से उम्मीदवार बनाया और उन्होंने यहां से जीत दर्ज की। वह ब्राह्राण समुदाय से आते हैं।
राजपूत समुदाय से आने वाले श्याम सिंह राणा पहली बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। वह यमुनानगर के रादौर सीट से विधायक बने हैं। इससे पहले वह 2014 में भी यहां से विधायक बने थे।
रणबीर गंगवा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में वह डिप्टी स्पीकर थे। गंगवा हिसार जिले की बरवाला सीट से विधायक हैं। गंगवा लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। रणबीर गंगवा ओबीसी समुदाय से आते हैं।
कृष्ण बेदी को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह दलित समुदाय से आते हैं। कृष्ण बेदी नरवाना से विधायक चुने गए हैं।
गौरव गौतम को हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। वह पहली बार पलवल से विधायक बने हैं। गौरव ब्राह्राण समुदाय से आते हैं। गौरव गौतम पहली बार मंत्री बने हैं।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव को राज्यमंत्री बनाया गया है। आरती अटेली से पहली बार विधायक बनी हैं। आरती यादव समुदाय से आती हैं।
गुर्जर समुदाय से आने वाले राजेश नागर को राज्यमंत्री बनाया गया है। वह फरीदाबाद की तिगांव सीट से विधायक हैं। उन्होंने तिगांव से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।

 

Advertisement
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments